छतरपुर/लवकुशनगर, जावेद खान : मध्यप्रदेश में चल रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत लवकुशनगर अनुविभाग की पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए 47 चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन खोज निकाले हैं। एसडीओपी नितेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और त्वरित कार्रवाई करते हुए इन मोबाइलों को ट्रेस किया और उनके असली मालिकों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।

यह विशेष वितरण कार्यक्रम थाना लवकुशनगर परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान लवकुशनगर थाना प्रभारी त्रिवेन्द्र त्रिवेदी और गौरिहार थाना प्रभारी रुपनारायण पटैरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। लंबे समय से खोए हुए अपने महंगे मोबाइल फोन वापस पाकर स्वामियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी ने पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी नितेश पटेल ने मीडिया के माध्यम से आमजन को भारत सरकार के 'संचार साथी' पोर्टल और ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर इस पोर्टल के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज कर उसे ब्लॉक और ट्रेस किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को 'संचार साथी' ऐप डाउनलोड भी कराया, ताकि तकनीकी सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इस पूरी सफल कार्रवाई में लवकुशनगर थाना प्रभारी त्रिवेन्द्र त्रिवेदी सहित उप-निरीक्षक ज्ञानसिंह, सहायक उप-निरीक्षक रामप्रकाश, कमला सिंह, तथा आरक्षक बलराम, ह्रदेश नायक, सूरज शर्मा, अनिल छारी और देव सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ की अहम और सराहनीय भूमिका रही।