कटनी, सुमित पाण्डेय। शहर के गुरु कृपा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान अंशुल मिश्रा की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्फर्ट गंज निवासी अंशुल मिश्रा को बवासीर के उपचार के लिए मंगलवार शाम करीब 7 बजे अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया देते समय निर्धारित मात्रा से अधिक डोज दिए जाने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
फिलहाल एनेस्थीसिया की कथित ओवरडोज और मरीज की मौत के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एवं चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में निष्पक्ष जांच और संबंधित तथ्यों की पुष्टि के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी।














