छतरपुर, रोहित पाठक: बाबा बागेश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय 'हिंदू सनातन एकता रथ' यात्रा पांच जिलों का भ्रमण करने के बाद आज छतरपुर में समाप्त होने जा रही है। यात्रा के समापन समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


यात्रा का यह भव्य समापन कल छतरपुर रेलवे ग्राउंड में संपन्न होगा। आयोजकों और पुलिस अनुमान के मुताबिक, इस समापन समारोह में करीब 20,000 लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रजत सकलेचा ने जानकारी दी है कि इस विशाल आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है।


एसपी ने बताया कि उन्होंने खुद आयोजकों से लंबी चर्चा की है और रेलवे ग्राउंड पर बनाए गए एग्जीबिशन स्थल का बारीकी से जायजा लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए समापन समारोह के दौरान सिविल ड्रेस में भी पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।


साथ ही, पुलिस प्रशासन ने जनता और श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है कि वे भक्ति में लीन रहने के साथ-साथ अपने कीमती सामान और जेबकतरों को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें। यात्रा में उमड़ने वाली भारी भीड़ का फायदा उठाने के लिए बाहर से शातिर चोरों और उचक्कों के सक्रिय होने की आशंका है। हाल ही में पुलिस ने लूट के एक ऐसे ही मामले में उत्तराखंड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थानों में मिली शिकायतों और प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान की जा रही है।