मंदसौर, ललित शंकर धाकड़: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की शामगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़ी सनसनीखेज नकदी का खुलासा किया है। पुलिस ने शामगढ़ क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में एक बिना नंबर की काले रंग की लग्जरी स्कॉर्पियो-एन कार से 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर पर दबिश दी। सूचना थी कि सरपंच के घर के पीछे बाड़े में उत्तर प्रदेश से आए दो संदिग्ध व्यक्तियों की बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार खड़ी है और इसमें तस्करी की भारी-भरकम रकम छिपाई गई है। पुलिस ने मौके से भवानीशंकर मीणा के अलावा उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ के बाद जब वाहन की गहराई से तलाशी ली गई, तो मैकेनिक को बुलाकर कार की बॉडी को खुलवाया गया। कार के अंदर गुप्त स्थानों (स्कीम) पर छिपाकर रखी गई नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन कार को जब्त कर लिया है। इस अवैध नकदी के स्रोतों का पता लगाने के लिए आयकर विभाग को भी सूचित कर दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।














