मंदसौर (भानपुरा), ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों और नैतिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक नाबालिग बेटे ने अपनी प्रेमिका को खुश करने के लिए किसी और के घर नहीं, बल्कि अपनी ही मां के जीवन भर की कमाई यानी लाखों के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। भानपुरा थाना क्षेत्र के बाबुल्दा गांव का यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित महिला (नाबालिग की मां) बीमार हुई और इलाज के लिए अपने बेटे के साथ दिल्ली गई। शातिर बेटे ने दिल्ली रवाना होने से पहले ही घर में रखे करीब 15 से 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए थे। मां को भनक तक नहीं लगी कि जिसे वह इलाज के लिए साथ ले जा रही है, वही घर की खुशियों पर सेंध लगा चुका है। दिल्ली पहुँचने के बाद बेटा अचानक गायब हो गया, जिसकी गुमशुदगी दिल्ली के सफदरजंग थाने में दर्ज कराई गई।
असली खुलासा तब हुआ जब मां इलाज कराकर गांव लौटी। घर में एक शादी समारोह था, जिसके लिए जैसे ही महिला ने अलमारी और तिजोरी खोली, उसके होश उड़ गए। जेवरों का डिब्बा नदारद था। आनन-फानन में भानपुरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।



