छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला थाना क्षेत्र के बालकौरा गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक नवयुवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मत राजपूत (पिता सुरेश राजपूत) बालकौरा गांव के बाहर मुख्य सड़क किनारे स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के सामने मोटरसाइकिल सुधारने की दुकान संचालित करता था। उसका परिवार खेत में मकान बनाकर निवास करता है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर हिम्मत दुकान पर मौजूद अपनी बहन से मंदिर जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंदिर परिसर में भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजन मोबाइल पर संपर्क करते हुए आसपास के खेतों की ओर पहुंचे, जहां हिम्मत झुलसी हुई हालत में पड़ा मिला।
परिजनों के मुताबिक हिम्मत के पेट पर विद्युत का चालू तार रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वह खेत में लगे मोटर की खराब बिजली व्यवस्था को देखने या सुधारने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से उसके चाचा सिद्धशरण राजपूत के मोटर की बिजली व्यवस्था खराब चल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही चंदला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदला स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।




