पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक । वितरण केंद्र कार्यालय गुनौर में रविवार को विद्युत विभाग के समस्त स्टाफ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वसूली, बकाया बिजली बिल, विद्युत व्यवस्था के रखरखाव तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में पिछले वर्ष की तुलना में राजस्व वसूली में 50 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लक्ष्य हासिल करने के लिए कर्मचारियों को प्रतिदिन डोर-टू-डोर संपर्क कर बकायादार उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नॉन-पेइंग कंज्यूमर की सूची पर विशेष रूप से कार्रवाई करने को भी कहा गया।


अधिकारियों ने बकायादार उपभोक्ताओं की बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी प्रतिदिन एकत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाइनमैन रजिस्टर में प्रतिदिन किए गए कार्यों की अनिवार्य रूप से एंट्री करने और उसका नियमित रिव्यू करने पर जोर दिया गया।


सभी उपकेंद्र ऑपरेटरों को बकायादार उपभोक्ताओं से प्रतिदिन फोन पर संपर्क कर बिजली बिल जमा कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन और 1912 पर प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।


बैठक में अस्थाई पंप कनेक्शनों की गांव एवं लाइनमैन हेडक्वार्टरवार जांच करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि अस्थाई पंप कनेक्शनों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम न हो। विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए समय पर उचित मेंटेनेंस करने और IOMS ऐप में शटडाउन की एंट्री करने के बाद ही मेंटेनेंस कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।


अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी कर्मचारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में कनिष्ठ अभियंता सुनील वर्मा, गुनौर सहित विद्युत विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।