मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर-नीमच सीमा पर चंगेरी स्थित बायोकेम इथेनॉल फैक्ट्री में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए फैक्ट्री बंद करने सहित अन्य मांगों को लेकर हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।


जानकारी के अनुसार, चंगेरी स्थित बायोकेम इथेनॉल फैक्ट्री में काम करने के दौरान मजदूर मनीष मोगिया करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और फैक्ट्री बंद करने की मांग की। आक्रोशित परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।


सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन अपनी मांगों पर कायम हैं। फिलहाल मौके पर प्रशासन की समझाइश और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। मामला मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।