भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित प्रोफेसर्स कॉलोनी में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन स्थल पर एडिशनल कमिश्नर, भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसडीएम सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। छात्रों का कहना है कि संबंधित शराब दुकान आबकारी विभाग की गाइडलाइन और नियमों के विपरीत संचालित की जा रही है, जिसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण छात्रों में नाराजगी बनी हुई है और वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
स्थिति को देखते हुए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने प्रदर्शनकारी छात्रों से संवाद किया और मामले पर पुनः विचार कर उचित निराकरण का आश्वासन दिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक छात्र अपने आंदोलन को लेकर अड़े हुए थे और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

