पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। दीपावली पर्व के अवसर पर अजयगढ़ के देवगांव स्थित प्रसिद्ध सिद्धनाथ गौशाला में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विधायक सिंह ने वेद मंत्रों के साथ पूरे विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की और गौशाला में मौजूद गायों को मिठाई एवं फल खिलाकर उनका पूजन-सम्मान किया।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के आह्वान पर आज संपूर्ण मध्य प्रदेश में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया है, जिसके तहत अजयगढ़ क्षेत्र में भी यह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पन्ना विधायक ने गौशाला में निष्ठापूर्वक सेवा दे रहे सभी गौसेवकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। दीपावली के इस पावन पर्व पर उन्होंने पारंपरिक बुंदेली संस्कृति का प्रतीक 'दीवारी नृत्य' का आनंद भी उठाया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में गौशालाओं का संचालन कर रही है ताकि गौमाता की उचित देखभाल और सेवा हो सके, साथ ही सड़कों पर कोई भी गाय बेसहारा न घूमे। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले समय में पन्ना जिले में एक विशाल 'गौ अभ्यारण्य' (Cow Sanctuary) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे भविष्य में पन्ना जिला दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी अग्रणी स्थान हासिल करेगा।

विधायक ने 1000 गायों की क्षमता वाली सिद्धनाथ गौशाला के सुचारू प्रबंधन की सराहना की और गौशाला संचालक गिरजा शंकर खरे को उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए बधाई दी।