छतरपुर, रोहित पाठक। बुंदेलखंड की सदियों पुरानी लोक परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक बेहद खास रंग बागेश्वर धाम में देखने को मिला। धाम परिसर में बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों से आए बड़ी संख्या में मोनियों ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और अपने पारंपरिक मोनिया नृत्य से पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया।

बांदा, ललितपुर, पन्ना और छतरपुर से पहुंचे दल

हर वर्ष की भांति इस बार भी बांदा, ललितपुर, पन्ना और छतरपुर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र से दो दर्जन से अधिक मौनिया दल बागेश्वर धाम पहुंचे थे। सभी दलों ने अपनी-अपनी बारी से भगवान श्रीकृष्ण के भजनों और पारंपरिक लोक धुनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मौन व्रत और पारंपरिक वेशभूषा बनी आकर्षण का केंद्र

बुंदेलखंड की इस अद्भुत लोक परंपरा में प्रतिभागी (मोनिया) पूर्ण मौन व्रत धारण करते हैं। बिना एक शब्द बोले, केवल ढोल-मंजीरों की थाप और भजनों की धुन पर विभिन्न मुद्राओं में नृत्य करते हुए वे भगवान को प्रसन्न करते हैं। मोनियों की पारंपरिक रंग-बिरंगी वेशभूषा और अनुशासित नृत्य शैली धाम परिसर में आए सभी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

धाम सेवा समिति ने तिलक लगाकर किया आत्मीय स्वागत

बागेश्वर धाम पहुंचने पर धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा सभी मोनियों का तिलक लगाकर तथा दक्षिणा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के उपरांत सभी मोनियों ने बागेश्वर बालाजी महाराज के दर्शन-पूजन किए और परिसर में अपनी कला का प्रदर्शन किया।

इस भव्य आयोजन के जरिए बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, अटूट धार्मिक आस्था और सदियों पुरानी परंपरा का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जिसे वहां मौजूद हर श्रद्धालु ने अपने कैमरे और यादों में समेट लिया।