भोपाल। भोजपुरी और पूर्वांचल समाज के सबसे बड़े और पावन आस्था के महापर्व 'छठ' की तैयारियां मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। भोपाल में लगभग 50 से अधिक प्रमुख स्थानों और घाटों पर छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जाता है, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग अन्ना नगर स्थित छठ घाट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें




निरीक्षण के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने घाटों की सघन सफाई, पर्याप्त रोशनी, पहुंच मार्गों की मरम्मत, शुद्ध पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि छठ महापर्व की महत्ता को देखते हुए राजधानी के सभी घाटों पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और गरिमा का ध्यान रखते हुए घाटों पर अलग से स्नानागार (बाथरूम) और कपड़े बदलने के लिए सुरक्षित ड्रेस चेंजिंग रूम का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पूर्व सभी निर्माण और व्यवस्थाएं पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ पूर्ण कर ली जाएं।














