छतरपुर, संदीप यादव। शहर के व्यस्ततम इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने, डीसेंट इंग्लिश स्कूल के पास सोमवार को एक बुक डिपो में अचानक आग लग गई। यह दुकान छोटू शुक्ला के मकान के बगल में स्थित है। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, आग पर काबू पाने के प्रयास जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया ताकि कोई जनहानि न हो। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई हैं और दमकलकर्मी आग बुझाने में पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। आग लगने का कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन फिलहाल लगाया जा रहा है।