सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी वार्ड में दीपावली की रात पटाखे चलाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और इसी बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इसी दौरान धारदार हथियार लगने से करीब 32 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का सागर में उपचार जारी है। वह घटना से नाराज परिजनों ने गांधी चौराहे पर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी वार्ड निवासी 32 वर्षीय संजय पिता जग्गू दीपावली की रात पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों से उसका विवाद हो गया। और फिर जमकर मारपीट हुई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान संजय धारदार हथियार लगने से घायल हो गया। परिजन उसे देर रात बीना सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया।
वहीं, घटना से नाराज परिजनों ने गांधी चौराहे पर पहुंचकर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही बीना थाने से सब इंस्पेक्टर आरके जोरन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारि ने परिजनों को समझाइश दी और उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों की मांग है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
मामले में सब इंस्पेक्टर आरके जोरम का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा
















