सागर/देवरी, स्वाति सोलंकी। दीपावली के पर्व पर नर्मदा स्नान और दर्शन के लिए जा रहे परिवारों के साथ सागर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास हुए दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सागर के भैंसा निवासी अलग-अलग परिवारों के सदस्य दीपावली के अवसर पर अर्टिगा कार से वरमान में मां नर्मदा के दर्शन और स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई। वहीं छह अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक सागर के कैंट थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

दीपावली के पावन अवसर पर मां नर्मदा के दर्शन और स्नान के लिए निकले परिवारों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की खुशियों के बीच चार लोगों की असमय मौत से सागर से लेकर देवरी तक शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।