छतरपुर, संदीप यादव। सटई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 08 कूड़ी का मोहल्ला में बीती रात जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। खेत में दीवार बनाने की रंजिश को लेकर करीब 20 से अधिक आरोपियों ने जेसीबी मशीन से दीवार ढहा दी और खेत पर सो रहे एक ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में महिला सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है।
रात के अंधेरे में जेसीबी लेकर पहुंचे हमलावर
घटना के संबंध में पीड़ित मनीराम कुशवाहा ने बताया कि वह कल शाम अपने खेत पर दीवार बनवाने का काम करवा रहा था। काम खत्म होने के बाद परिवार के लोग खेत पर ही सो गए थे। तभी रात करीब 11 बजे वार्ड नंबर 13 के निवासी हरिराम पटेल, जानकी पटेल, छिकोड़ी पटेल अपने अन्य 20 अज्ञात साथियों के साथ जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने आते ही बनी हुई दीवार को जेसीबी से गिरा दिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा
जब दीवार गिरने की आवाज सुनकर खेत में सो रहे लोगों ने विरोध जताया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मनीराम कुशवाहा (44 वर्ष) पिता मिही लाल, लल्लू कुशवाहा (50 वर्ष) पिता घपुआ, बाबूलाल कुशवाहा (42 वर्ष) पिता हरिदास, खूबबाई कुशवाहा (40 वर्ष) पति श्यामलाल और हीराबाई कुशवाहा (60 वर्ष) पति मिही लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, छतरपुर रेफर
घटना की खबर लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। सटई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को सटई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन निजी वाहन से घायलों को छतरपुर लाए, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. विनीत शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















