छतरपुर, विनोद मिश्रा। राजनगर थाना क्षेत्र के बिरौना तिराहा पर अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने जनसहयोग से आरोपी कुंज बिहारी पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बीते दिनों फरियादी से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंज बिहारी पटेल पिता मुल्ले पटेल, निवासी ग्राम जनकपुर थाना ईशानगर, हाल निवासी ग्राम पहाड़ी मैमारू थाना राजनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा तथा वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई है।


पुलिस के मुताबिक आरोपी कुंज बिहारी पटेल के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, अवैध हथियार और रंगदारी सहित कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि प्रकरण में शामिल दूसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।


यह कार्रवाई एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजनगर उप निरीक्षक अतुल कुमार झा, पुलिस टीम एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से की गई।