जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मदनमहल थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3:30 बजे अज्ञात हमलावर ने फ्लाईओवर ब्रिज से एसिड फेंक दिया, जो घर के अंदर सो रहे 22 वर्षीय कॉलेज छात्र शिवांश बैन पर जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, शिवांश अपने कमरे में सो रहा था, तभी ऊपर से फेंका गया एसिड छत को भेदते हुए सीधे उसके शरीर पर गिरा। एसिड गिरते ही कमरे में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बड़े भाई ने तुरंत कंबल डालकर आग बुझाई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के मुताबिक, शिवांश के दोनों हाथ, सीना और कमर का हिस्सा करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
घायल छात्र की मां मनोरमा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी उनके घर पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। परिवार ने किसी भी तरह की दुश्मनी से इनकार किया है, जिससे इस हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

