टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। जनपद पंचायत पलेरा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्रामीणों और हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी करीब 200 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए।


शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित किए जाने का मामला सामने आया। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जनपद पंचायत सीईओ अरविंद कुमार बोरकर ने बताया कि शिविर में राजस्व, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, स्वास्थ्य तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की गई।



जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हैंडपंप, प्रधानमंत्री आवास, नामांतरण, जमीन बंटवारा सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाएंगे।


शिविर में एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल, एसडीएम जतारा नीरज खरे, तहसीलदार पलक जैन, नगर परिषद सीएमओ शिवी उपाध्याय, जनपद सीईओ अरविंद कुमार बोरकर, परियोजना अधिकारी प्रदीप मिश्रा, सहायक अभियंता लक्ष्मण कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।