देवास, नंदकिशोर गुर्जर। सतवास में गणेश उत्सव के अवसर पर श्री दादाजी परहित सेवा संस्थान भोपाल-खातेगांव द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह, भजन संध्या एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण व्यास, थाना प्रभारी आशीष पाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


समारोह के दौरान सतवास क्षेत्र के शिक्षकों एवं पत्रकारों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज और भावी पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं पत्रकार समाज में जागरूकता और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।


कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं कवि सुरेश साहू ने किया, जबकि आभार प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप साहू ने माना। सम्मान समारोह के बाद भजन संध्या एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। कलाकारों की भक्ति प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु देर रात तक भजनों एवं सुंदरकांड की स्वर लहरियों में डूबे रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, शिक्षक, पत्रकार एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।