मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक दिवसीय नीमच प्रवास के दौरान गांधीसागर अभयारण्य में कूनो से लाई गई बोत्सवाना मूल की मादा चीता CCB-2 को उसके नए प्राकृतिक आवास में रिलीज किया गया। इसके साथ ही गांधीसागर अभयारण्य में चीतों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण के साथ क्षेत्र में धार्मिक एवं वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया।


नीमच के सीएसबी अग्रोहा भवन में आयोजित ‘सेवा से संकल्प’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सामाजिक सेवा, रक्तदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया। पात्र बहनों को स्कूटी तथा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए।


मुख्यमंत्री बाद में रामपुरा क्षेत्र के ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचे और सड़क मार्ग से ग्राम बूज गए। यहां चीता परियोजना के गेट नंबर-4 पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी में CCB-2 को गांधीसागर अभयारण्य में छोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच-मंदसौर अंचल में धार्मिक पर्यटन के साथ वन्यजीव पर्यटन को विकसित करने की संभावनाएं हैं।


गांधीसागर अभयारण्य में चीता परियोजना के विस्तार के साथ क्षेत्र वन्यजीव पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण बन रहा है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक वातावरण, धार्मिक स्थलों और वन्यजीवों को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात कही। दौरे के दौरान पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के हालिया कार्यक्रमों और बयानों से जुड़े सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।