चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। सिलगांव प्राथमिक स्कूल परिसर में बीते दिनों एक बारात के दौरान छोड़े गए पटाखा बम से हुए हादसे के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। इस हादसे में दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बीआरसी अनुराग खरे एवं बीओ नरेश गुप्ता ने स्कूल परिसर का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए घायल बच्चों के परिजनों को आश्वस्त किया कि बच्चों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
बीओ नरेश गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ स्कूल प्रशासन की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।
निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया। अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल की बाउंड्री वॉल निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने भी स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, जिससे भविष्य में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

