जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजी नगर झुग्गी बस्ती में धनतेरस की रात अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 2 बजे भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर लगभग 50 झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 13 गाड़ियों ने रातभर कड़ी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
देखते ही देखते फैली आग, 13 दमकल वाहनों ने पाया काबू
गोहलपुर थाना क्षेत्र के लेमा गार्डन के पास स्थित गाजी नगर मैदान में करीब 350 झुग्गियों की बस्ती बनी हुई है। रात 2 बजे के आसपास आग की लपटें उठनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आसपास की झोपड़ियां इसकी चपेट में आती चली गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम, दमकल विभाग और बिजली कंपनी (MPB) की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। फायर ब्रिगेड के 13 वाहनों और टैंकरों ने पानी के लगातार फेरे लगाकर सुबह तक आग पर काबू पा लिया।
50 साल की जमा-पूंजी जलकर राख; पीड़ितों के सामने रोजी-रोटी का संकट
आग में अपनी झोपड़ी गंवाने वाली पीड़ित अख्तरी बी ने बताया कि रात में चीख-पुकार सुनकर जब वे बाहर निकलीं तो चारों तरफ आग फैली हुई थी। उनके घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी, मोबाइल और रोजमर्रा का सारा सामान जल गया। पीड़ित महिला ने रुंधे गले से बताया कि वे पिछले 50 वर्षों से वहां रह रही थीं। जिंदगी भर की मेहनत की कमाई एक ही रात में खाक हो गई। अब पीड़ितों के सामने रहने, खाने और पुनर्वास का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका; प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन
पूर्व पार्षद ताहिर अली ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस व नगर निगम को सूचित किया। उन्होंने आशंका जताई कि प्राथमिक रूप से आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार, शुरुआती जांच में 30 से 35 परिवारों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। पूरी आग बुझने और मलबे की जांच के बाद ही वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल स्थानीय पार्षद व नेताओं द्वारा पीड़ितों के खाने-पीने का इंतजाम किया जा रहा है।
















