जबलपुर, अनुराग शुक्ला। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में श्री बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल परिवार एवं सनातनी समाज के सदस्य आगे आए हैं। मंडल की ओर से पुलिस अधीक्षक जबलपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों एवं अभद्र भाषा पर आपत्ति जताई गई।
ज्ञापन में कहा गया कि एक कथा प्रसंग के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं उनके भक्तों के संदर्भ में विनोद भाव में कुछ शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिसका उद्देश्य भक्तों के प्रति प्रेम और आत्मीयता व्यक्त करना था। प्रसंग पर आपत्ति आने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना भी की थी।
इसके बावजूद सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर लगातार टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाते हुए ज्ञापन में हर्षा रिछारिया, दामोदर यादव, पप्पू यादव एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के कथित वक्तव्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
शिष्य मंडल ने कहा कि धार्मिक आस्था और संतों के सम्मान के विषय में असहमति व्यक्त करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन असहमति के नाम पर अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। इससे सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित वक्तव्यों एवं सोशल मीडिया सामग्री की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने, वैमनस्य फैलाने अथवा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही भड़काऊ भाषा पर रोक लगाने और जिले में धार्मिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
मंडल परिवार ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बाधित करना नहीं, बल्कि धार्मिक सम्मान, सामाजिक शांति और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा करना है। इस अवसर पर शिष्य मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और उचित वैधानिक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।















