प्रतापगढ़, रोहित पाठक। उत्तरप्रदेश में बागेश्वर महाराज की कथा को लेकर चल रही तमाम सियासी चर्चाओं, प्रशासनिक सरगर्मियों और विवादों के साये के बीच पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के उत्तर प्रदेश प्रवास को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बागेश्वर महाराज अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले अंतर्गत कुंडा में दस्तक देंगे।
ये भी पढ़ें




पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वयं इस बात की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पहले उनका कुंडा आगमन 17 नवंबर को तय था, लेकिन अब वे 16 नवंबर को ही वहां पहुंच जाएंगे। उनके एक दिन पहले पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। कुंडा में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य एवं संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महाराजश्री अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों और कथा का रसपान कराएंगे।
इसके उपरांत 20 नवंबर को बागेश्वर बालाजी का बहुप्रतीक्षित विशाल दिव्य दरबार लगाया जाएगा, जहां वे पर्ची के माध्यम से भक्तों की अर्जियां सुनकर समाधान करेंगे। विवादों और संवेदनशील माहौल को देखते हुए जहां स्थानीय प्रशासन सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गया है, वहीं आयोजन समिति ने लाखों की संख्या में जुटने वाले श्रद्धालुओं के बैठने, ठहरने और दर्शन व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

















