छिन्दवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रक मालिक के साथ धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरोसे पर ट्रक सौंपा गया ड्राइवर न सिर्फ गाड़ी छोड़कर भाग गया, बल्कि गाड़ी का कीमती सामान भी गायब कर दिया। पीड़ित ट्रक मालिक ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुंबई के लिए निकला था ट्रक
प्राप्त शिकायत के अनुसार, ड्राइवर मोहसीन कुरैशी पिता मुस्ताक कुरैशी दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को ट्रक (मालवाहक) लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में सामान लोड था और सब कुछ सामान्य चल रहा था। मालिक को भरोसा था कि ड्राइवर समय पर मुंबई पहुंचकर सामान पहुंचा देगा, लेकिन अगले ही दिन कहानी बदल गई।
आधी रात को आया चालान वाला फोन
पीड़ित के अनुसार, दिनांक 02 नवंबर 2026 की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ड्राइवर का कॉल आया। उसने कहा कि 16,000 रुपये का चालान हो गया है। तुरंत पैसा फोन-पे में डालो, नहीं तो गाड़ी और मैं दोनों थाने में चले जाएंगे।
अचानक आधी रात को आए इस फोन से ट्रक मालिक घबरा गया। उसने ड्राइवर से कहा कि थाना प्रभारी और पुलिस सेवा कर्मी से बात कराओ, ताकि सच्चाई पता चल सके।
बात कराने के बजाय काट दिया फोन
आरोप है कि थाना प्रभारी से बात कराने की बात सुनते ही ड्राइवर ने बहाना बनाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। कई बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो पाया। इससे मालिक का शक और गहरा गया।
दूसरा ड्राइवर पहुंचा तो उड़े होश
मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रक मालिक ने 03 नवंबर 2026 को दूसरा ड्राइवर गाड़ी के पास भेजा। जब दूसरा ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। गाड़ी की स्टेपनी गायब थी, बैटरी नहीं थी, डीजल खत्म था, रस्सा और पाने, टूल बॉक्स और पिलर सामान सब गायब था। दूसरे ड्राइवर ने वीडियो कॉलिंग पर पूरी गाड़ी दिखाकर मालिक को सारी स्थिति बताई।
थाने में शिकायत, कार्रवाई की मांग
इस घटना से परेशान ट्रक मालिक शेख जुनैद, निवासी रॉयल चौक, छिन्दवाड़ा ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि ड्राइवर ने चालान के नाम पर पैसे ऐंठने की कोशिश की और फिर गाड़ी का सामान चोरी कर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुट गई है और गाड़ी के सामान का भी पता लगाया जा रहा है।
















