सतना, सजल रजक। मध्य प्रदेश के सतना जिले अंतर्गत सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर कस्बे में शातिर चोरों ने एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक चोरी की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद घर का मुख्य कमरा अंदर से बंद मिला। व्यापारी जब घर लौटा तो दरवाजा न खुलने पर नीचे ही सो गया और अगली सुबह जब छत के रास्ते दाखिल हुआ, तब इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। घटना के रहस्यमयी तरीके ने पुलिस अधिकारियों को भी पशोपेश में डाल दिया है।
पत्नी संग जबलपुर गए थे व्यापारी, लौटने पर अंदर से बंद मिला कमरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरसिंहपुर निवासी सराफा व्यापारी दीपू सोनी का मुख्य बाजार में नीचे ज्वेलरी शोरूम है और ऊपर की मंजिल पर उनका निजी आवास बना हुआ है। व्यापारी अपनी पत्नी के साथ 4 नवंबर को किसी पारिवारिक कार्य से जबलपुर गए थे। अगले दिन 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने ऊपरी मंजिल स्थित आवास के मुख्य कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद था। व्यापारी ने सामान्य रूप से समझा कि संभवतः लकड़ी का पल्ला जाम हो गया है, जिसे सुबह बढ़ई बुलाकर खुलवा लिया जाएगा। इसके बाद दंपति ने नीचे दुकान की सफाई की और भूतल पर स्थित बगल के कमरे में रात बिताने चले गए।
ये भी पढ़ें




छत के रास्ते अंदर पहुंचे तो उड़ा होश, दीवान-अलमारी से साफ मिले जेवर
अगले दिन शुक्रवार सुबह जब व्यापारी ने अपनी दुकान के कर्मचारी के साथ मिलकर दरवाजा खोलने का फिर से प्रयास किया, तब भी कुंडी नहीं खुली। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसी के मकान की छत पर चढ़कर पीछे की तरफ देखा गया, जहां घर का पिछला दरवाजा आधा खुला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद दुकान का कर्मचारी छत के रास्ते भीतर दाखिल हुआ और उसने आगे आकर अंदर से बंद कमरे का दरवाजा खोला। भीतर प्रवेश करते ही दीपू सोनी और उनकी पत्नी के होश उड़ गए; कमरे में रखे दीवान और अलमारी के लॉकर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के पुश्तैनी व बिक्री के जेवर पूरी तरह गायब थे।
सामान व्यवस्थित और दरवाजा अंदर से बंद, बना रहस्य
चोरी की इस वारदात का तरीका बेहद पहेलीनुमा बना हुआ है। आमतौर पर चोरी के दौरान कमरों में तोड़फोड़ और सामान बिखरा मिलता है, लेकिन यहां घर का सारा सामान अपनी जगह पर पूरी तरह व्यवस्थित पाया गया। बदमाशों ने केवल उन्हीं जगहों को निशाना बनाया जहां कीमती जेवरात रखे हुए थे। इसके अलावा चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य दरवाजा अंदर से कैसे बंद हुआ और बदमाश किस रास्ते से बाहर निकले, यह सवाल पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
एडिशनल एसपी सहित पुलिस बल मौके पर, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
इतनी भारी मात्रा में जेवर चोरी होने की सूचना मिलते ही सतना एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी भारी पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट्स और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि वारदात में किसी ऐसे नजदीकी या जानकार का हाथ हो सकता है, जिसे घर के आंतरिक रास्तों और जेवरात रखे होने के सटीक स्थानों की पूरी जानकारी थी। पुलिस सभी संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन तफ्तीश कर रही है।














