छतरपुर, संदीप यादव। खजुराहो थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में फूड पॉइजनिंग की आशंका से एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमारों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार रात दाल-चावल खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद सुबह उड़द की दाल खाने के बाद उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत बढ़ गई।
परिजनों ने पहले गांव में स्थानीय स्तर पर उपचार कराया, लेकिन करीब 15 से 20 घंटे बाद भी राहत नहीं मिली। मंगलवार सुबह तबीयत अधिक बिगड़ने पर सभी को जिला अस्पताल लाया गया। ड्यूटी डॉक्टर रवि सोनी के अनुसार मरीजों द्वारा बताए गए लक्षणों और भोजन की जानकारी के आधार पर प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी मरीजों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
बीमारों में अनीता कुशवाहा (32), भगवानदास कुशवाहा (36), विशेष कुशवाहा (15), राजकुमार कुशवाहा (13), रीता कुशवाहा (10) और मुस्कान कुशवाहा (13) शामिल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा है।














