छतरपुर, संदीप यादव। मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम परा में सोमवार सुबह करीब 9 बजे नाली से पानी निकासी को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह खूनी झड़प में तब्दील हो गया। यादव और कुशवाहा पक्ष के बीच लाठी-डंडों और फरसे से मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पर अवैध कट्टे से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है।


घटना में यादव पक्ष के सुन्ना यादव (70), पवन यादव (30) और आशीष यादव (16) सहित सूरजबाई घायल हो गए। सुन्ना यादव के सिर में फरसा लगने से गंभीर चोट आई है, जबकि आशीष के हाथ में चोट लगने से फ्रैक्चर बताया जा रहा है। दूसरी ओर कुशवाहा पक्ष के गनेश कुशवाहा (25), लाडले कुशवाहा (50) और हब्बू बाई (47) भी घायल हुए हैं।


सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के घायलों को थाने लाया गया और मामले में कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर प्रकरण दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।


विवाद की शुरुआत नाली के पानी की निकासी को लेकर हुई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट शुरू करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है।