मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एक रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के साथ मारपीट और रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित डॉक्टर के समर्थन में समाजजन एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जानकारी के अनुसार आनंद विहार निवासी एमडी रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि 24 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वे गोल चौराहा स्थित शिवना डायग्नोस्टिक सेंटर के पास खड़े थे। इसी दौरान अनूप जैन, उसके पिता लाल बहादुर जैन और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने डॉक्टर से पैथोलॉजी लैब संचालित करने के एवज में हर महीने 10 हजार रुपये की मांग की।
डॉक्टर द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लकड़ी तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई और उंगली में फ्रैक्चर हो गया, जिसके चलते उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा। इस घटना से उनका काम भी प्रभावित हुआ है। घटना के दौरान शोर सुनकर डॉक्टर के स्टाफ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित डॉक्टर ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। डॉक्टर का यह भी आरोप है कि मुख्य आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उन पर दबाव बनाने के लिए झूठी एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। मामले को लेकर समाजजन में आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और डॉक्टर को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

