छतरपुर, शिवम सोनी। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में गुरैया पंचायत से जुड़ा शासकीय भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया। सरपंच और पूर्व सरपंच ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि आशीष शर्मा द्वारा शासकीय जमीन एवं गौशाला के आसपास की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार मौजा गुरैया में खसरा नंबर 246/1 सहित अन्य शासकीय भूमि करीब 10 एकड़ है। इसी क्षेत्र में ग्रामीणों एवं मवेशियों के उपयोग की तलैया तथा करीब 50 किसानों के खेतों तक पहुंचने वाला शासकीय आम रास्ता भी है। आरोप है कि रास्ते को तार और खंभे लगाकर बंद करने का प्रयास किया गया।


शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर को आशीष शर्मा कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से तलैया के पास स्थित शासकीय रास्ते को खोदकर बंद करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के विरोध करने पर विवाद की स्थिति बनने और धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।


वहीं, शिकायत में कहा गया कि घटना के बाद ग्रामीण जब पुलिस थाने पहुंचे तो उनके विरुद्ध ही मामला दर्ज कर दिया गया। सरपंच और पूर्व सरपंच ने इसे गलत कार्रवाई बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से ग्रामीणों की सुरक्षा, शासकीय भूमि की सीमांकन एवं जांच तथा कब्जे के आरोपों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।