स्लीमनाबाद में शॉर्ट सर्किट से ज्वेलर्स की दुकान में आग, एक लाख नकद सहित पूरी गृहस्थी खाक

Advertisement
कटनी,प्रवीण तिवारी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बिजली आपूर्ति शुरू होते ही शॉर्ट सर्किट के कारण पवन ज्वेलर्स में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। आग लगते ही घर में मौजूद सभी सदस्य बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।
आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि तब तक दुकान और घर में रखी पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो चुकी थी। आग में करीब एक लाख रुपये नकद समेत जेवरात और घरेलू सामान जलने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी। उल्लेखनीय है कि स्लीमनाबाद तहसील में एक भी दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है। आग लगने की स्थिति में कटनी से दमकल वाहन बुलवाना पड़ता है, जिसकी दूरी करीब 30 किलोमीटर है और वाहन को पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग जाता है।
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में करीब 101 गांव आते हैं। इसके बावजूद तहसील मुख्यालय में दमकल वाहन की सुविधा नहीं होने से लोगों में रोष है। क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां किसानों की फसलें जलकर राख हो चुकी हैं। बावजूद इसके आज तक दमकल वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया।
घटना की सूचना तहसीलदार सारिका रावत को दी गई, लेकिन मौके पर निरीक्षण के लिए न तो तहसीलदार पहुंचीं और न ही पटवारी या आरआई को भेजा गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय पर मौके का निरीक्षण हो जाता तो जले हुए सामान को हटाकर खाने-पीने की व्यवस्था की जा सकती थी।
