अयोध्या। रामनगरी अयोध्या को दीपावली के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है। राम मंदिर के आंगन से लेकर रामलला के मुख्य द्वार तक खूबसूरत लाइटिंग और सजावट की गई है, जो राम भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

राम मंदिर के सभी द्वारों को आकर्षक फूलों से सजाया गया है और श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राम मंदिर आकर्षण का केंद्र बन गया है।

दीपावली त्योहार के अवसर पर 10वें दीपोत्सव में अयोध्या में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। पूज्य संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से जगमग होंगे, वहीं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप में सजाया जाएगा।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी भगवान श्रीराम के स्वागत से लेकर राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सीएम की मौजूदगी में रामनगरी में परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर दीपों की रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2.40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

रामकथा पार्क से मुख्यमंत्री सीधे राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां सरयू की आरती करेंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। दीपों से जगमगाती रामनगरी के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ड्रोन और लेजर शो का आयोजन होगा। सीएम राम की पैड़ी पर बने मंच से संबोधन भी करेंगे।