नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को भारत की अपनी दो दिन की राजकीय यात्रा पूरी की और काठमांडू के लिए रवाना हो गए। मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी भारत की पहली यात्रा और पहला द्विपक्षीय दौरा था। उनका भारत दौरा 24 घंटे से कुछ अधिक समय का रहा, जिसके दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भारत में नेपाल के राजदूत निश्चल नाथ पांडे, नेपाल में भारत के राजदूत सुधाकर दलेला और भारत सरकार तथा नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर बालेंद्र शाह को विदाई दी।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत से व‍िदा लेते हुए सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी और भारत के लोगों का आभार जताया।

नेपाल के विदेश मंत्रालय (एमओएफए) ने 'एक्स' पर ल‍िखा, "प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने नेपाल और भारत के बीच मैत्रीपूर्ण और घनिष्ठ संबंधों को और मजबूत बनाने पर विचार साझा किए।"

सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बैठक हुई। इस दौरान व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास साझेदारी, संपर्क व्यवस्था, सीमा प्रबंधन, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान बालेंद्र शाह ने अगस्त में भोटे कोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ के बाद भारत की ओर से दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 'एक्स' पर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बलेन्द्र शाह के बीच द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। उनकी बैठक में विस्तृत वार्ता, 'पीएम गतिशक्ति' पर प्रस्तुति और सम्मान में आयोजित कार्यकारी भोज शामिल रहा। नेपाली प्रधानमंत्री शाह ने अगस्त 2026 में भोटे कोशी और त्रिशूली नदी तंत्र में आई बाढ़ के बाद भारत की मानवीय और तकनीकी सहायता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।"

दोनों नेताओं ने 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के लिए संयुक्त दृष्टि' को अपनाया। इसका उद्देश्य भविष्य की जरूरतों के अनुरूप साझेदारी को मजबूत करना और दोनों देशों के लिए बेहतर भविष्य की दिशा तय करना है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि चर्चा के दौरान व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास सहयोग, संपर्क, सीमा प्रबंधन, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ जलवायु लचीलापन, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी और पीएम बालेंद्र शाह ने मिलकर कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें भारत के धारचूला और नेपाल के धारचूला को जोड़ने वाला सड़क पुल तथा मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन (दूसरा चरण) शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संपर्क और सहयोग को मजबूत करना है। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को भी हरी झंडी दिखाई। यह भारत के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच चलने वाली एक सीमा-पार रेल सेवा है।

इसके अलावा, उन्होंने कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें बनबसा में एक एकीकृत चेक पोस्ट, नेपाल के झापा में ग्रीनफील्ड तेल भंडारण टर्मिनल और कोशी प्रांत में 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना शामिल हैं।

नई दिल्ली यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। इनमें फोरेंसिक विज्ञान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सैटेलाइट संचार, पारंपरिक चिकित्सा और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग शामिल है। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में नेपाली प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया गया था। वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।