पन्ना। पन्ना। जिले की पुलिस ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए क्षेत्र के कुख्यात बदमाश अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना महाराज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई मजदूरों के साथ मारपीट करने और अवैध रूप से रंगदारी मांगने के गंभीर आरोपों के तहत की है। रानीगंज निवासी 70 वर्षीय खुन्ना महाराज का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में पहले से ही करीब तीन दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सह-आरोपी एवं पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंकुर त्रिवेदी फरार, पुलिस की दबिश जारी
इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई अभी थमी नहीं है। मामले के सह-आरोपी एवं गिरफ्तार खुन्ना महाराज के पुत्र अंकुर त्रिवेदी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। गौरतलब है कि अंकुर त्रिवेदी पर भी करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वे पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के पन्ना जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं, हालांकि पार्टी के ही नेताओं को धमकाने और विवादित वीडियो वायरल होने के बाद संगठन ने उन्हें पद से हटा दिया था।
आदिवासियों की 100 करोड़ की जमीन हड़पने का पुराना विवाद भी सुर्खियों में
खुन्ना महाराज की गिरफ्तारी के साथ ही इस पिता-पुत्र की जोड़ी पर लगे पुराने और बेहद गंभीर आरोप भी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। प्रशासनिक दस्तावेजों और पन्ना की विशेष अदालत में विचाराधीन मामलों के अनुसार, अवधेश उर्फ खुन्ना त्रिवेदी, उनके पुत्र अंकुर त्रिवेदी और परिवार के अन्य सदस्यों पर जिले के करीब 40 से अधिक आदिवासी और दलित परिवारों की लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य की पुश्तैनी व सरकारी पट्टे की जमीनों को धोखाधड़ी कर हड़पने के आरोप हैं।
मजदूर को मोहरा बनाकर जमीनें ट्रांसफर कराने का आरोप, विशेष अदालत में विचाराधीन है मामला
पीड़ित आदिवासी परिवारों की शिकायतों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले अपने यहां काम करने वाले एक आदिवासी मजदूर हीरालाल गौड़ के नाम पर दारा गौड़, नंदुआ, गोखा और रामउसार जैसे दर्जनों आदिवासियों की जमीनें दर्ज कराईं और बाद में उन जमीनों को अपने परिवार के सदस्यों के नाम हस्तांतरित करा लिया। पूर्व में तत्कालीन एसडीएम आईएएस शेर सिंह मीणा ने जांच के बाद इन जमीनों को आदिवासियों को वापस लौटाने के आदेश दिए थे और धारा 420 का मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन बाद में प्रशासनिक स्तर पर यह आदेश पलट दिया गया। वर्तमान में यह पूरा मामला पन्ना की विशेष अदालत में विचाराधीन है और पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस के आला अधिकारियों तक से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
















