बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां भाजपा नेत्री भारती ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के भीतर सड़ी-गली अवस्था में मिला है। बताया जा रहा है कि पति के निधन के बाद वे घर पर अकेली रहती थीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला नेपानगर के भवानी नगर क्षेत्र का है। पड़ोसियों ने पिछले कुछ दिनों से उनके घर से दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय थाने में पुलिस को दी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गई।


पड़ोसियों ने दी थी घर से बदबू आने की सूचना

सूत्रों के मुताबिक, शव में कीड़े पड़ चुके थे और इसी कारण पूरे कमरे में तेज बदबू फैली हुई थी। पड़ोसियों द्वारा घर से दुर्गंध आने की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों व पड़ोसियों ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद भारती ठाकुर घर पर अकेली रह रही थीं। घर के भीतर इस हालत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


हत्या या आत्महत्या को लेकर गहराया संशय

घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि महिला की हत्या की गई है या उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, अथवा मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।