छतरपुर/बमीठा, अशोक नामदेव । मध्यांचल बैंक बमीठा में कार्यरत राजू पाल के केन नदी में लापता होने की आशंका से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार राजू पाल की हीरो मोटरसाइकिल केन नदी पुल पर शाम के समय खड़ी मिली। मोटरसाइकिल मिलने के बाद मामले की सूचना मड़ला थाना प्रभारी बखत सिंह को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बखत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल बमीठा थाना क्षेत्र में होने के कारण उन्होंने बमीठा पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद बमीठा पुलिस ने रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया और केन नदी में तलाश अभियान शुरू कराया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में राजू पाल की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक राजू पाल का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस मामले की जांच के साथ लापता बैंक कर्मचारी की तलाश में जुटी हुई है।




