छतरपुर, विनोद मिश्रा। भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि राजा परमार और उनके परिवार पर लगाए गए मारपीट के आरोपों के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। एक ओर जहां संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत नाम की महिला ने सिविल लाइन थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भाजपा नेता रवि राजा परमार, उनकी बहू और मां पर घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए थे, वहीं अब भाजपा नेता के छोटे भाई रोहित राजा परमार की पत्नी दिव्या राजा परमार ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर महिला पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
दिव्या राजा परमार का कहना है कि संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत लंबे समय से उनके पति रोहित राजा परमार को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही थी और उनसे पैसों की मांग करती थी। उनके अनुसार रोहित ने महिला के खाते में कई बार पैसे भी ट्रांसफर किए थे। जब इसकी जानकारी परिवार को लगी तो परिवार के सदस्य संध्या के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और झूमाझटकी हुई। दिव्या ने दावा किया कि इस दौरान उन्हें चोटें भी आईं, जिनके निशान उनके शरीर पर मौजूद हैं।
दिव्या राजा परमार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान संध्या ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला किया। उन्होंने यह भी कहा कि देवेंद्र सिंह नाम का व्यक्ति, जो पहले महिला के साथ रहता था, हाल ही में दूल्हा बदलकर कराई गई शादी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
दिव्या ने आवेदन में बताया कि उनके पति रोहित राजा परमार फिलहाल लापता हैं और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना भगवा में दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदार संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत होगी। दिव्या का आरोप है कि महिला उनके पति पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी।
दिव्या राजा परमार ने महिला पर पहले भी ईसानगर निवासी एक व्यक्ति पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने और लोगों को दोस्ती के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि संध्या सोशल मीडिया पर कई नामों से अकाउंट संचालित करती है और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठती है। उन्होंने कहा कि कई लोग इस कथित जाल का शिकार हो चुके हैं और महिला के खिलाफ विभिन्न थानों में शिकायतें भी दर्ज हैं।
दिव्या ने यह भी आरोप लगाया कि संध्या अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर गांजा सप्लाई जैसे अवैध कार्यों में शामिल है। उनका कहना है कि महिला ने ब्लैकमेलिंग और लोगों को फंसाकर करोड़ों की संपत्ति बनाई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी वजह से उसका पति उससे अलग रह रहा है और बच्चे पिता के साथ रहते हैं। दिव्या के अनुसार महिला द्वारा पैसे मांगने से जुड़े कुछ मैसेज भी सामने आए हैं।
दिव्या राजा परमार ने बताया कि उन्होंने 18 मार्च 2026 को भी सिविल लाइन थाने में महिला के खिलाफ आवेदन दिया था, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी सिविल लाइन से मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला का पुराना रिकॉर्ड खंगालने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी हुई है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और आरोप-प्रत्यारोप के चलते शहर में चर्चाओं का दौर जारी है।




