जबलपुर, अनुराग शुक्ला। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षण विभाग द्वारा आयोजित इंट्रामूरल प्रतियोगिता के अंतिम चरण में बैडमिंटन मुकाबलों की शुरुआत बेहद रोमांचक रही। उद्घाटन मैच में भगत ब्रिगेड और रानी दुर्गावती डिफेंडर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें भगत ब्रिगेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में दमदार आगाज़ किया। यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय के छह हाउसों के बीच आयोजित की जा रही है, जो अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और खेल भावना देखने को मिली, जहां हर टीम जीत के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आई।


बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुदर्शन सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर पी. चटर्जी, कन्हैया राठौर, हेमंत शर्मा, महिपाल सिंह, प्राची यादव और अंतरिक्ष शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को अनुशासन व खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता का सफल संचालन आयोजन सचिव प्रवीण पांडेय एवं सुशील शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में न केवल खेलों का सुचारू आयोजन हो रहा है, बल्कि छात्रों को आयोजन प्रबंधन की बारीकियां भी सिखाई जा रही हैं, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होंगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है। आने वाले मुकाबलों में और भी रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है।