मुंबई। भारती एयरटेल ने गुरुवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 31 प्रतिशत बढ़कर 8,888 करोड़ रुपए हो गया है। इसकी वजह भारत और अफ्रीका में कंपनी का मजबूत प्रदर्शन था।इससे पहले वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में कंपनी ने 6,792 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज किया था।
तिमाही के दौरान परिचालन से प्राप्त आय सालाना आधार पर 16.7 प्रतिशत बढ़कर 60,878 करोड़ रुपए हो गई है, जो एक साल पहले 52,145 करोड़ रुपए थी।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में समेकित ईबीआईटीडीए 35,240 करोड़ रुपए रहा, जो 57.9 प्रतिशत का ईबीआईटीडीए मार्जिन दर्शाता है।
नतीजों पर भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि कंपनी ने एक और तिमाही में लगातार वृद्धि दर्ज की है। समेकित राजस्व में पिछली तिमाही के मुकाबले 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो कंपनी के विविध बिजनेस पोर्टफोलियो की मजबूती को दर्शाती है।
विट्टल ने कहा, "अफ्रीका में बेहतर प्रदर्शन का एक कारण विभिन्न बाजारों में एयरटेल की अपनी तकनीक (इन-हाउस टेक्नोलॉजी स्टैक) का लागू होना भी है, जिससे हमारी बाजार तक पहुंच (गो-टू-मार्केट क्षमताएं) मजबूत हुई है। पूरे ग्रुप के स्तर पर तालमेल से भी ठोस परिचालन लाभ मिलने लगे हैं।"
उन्होंने इस विकास का श्रेय, विभिन्न बाजारों में एयरटेल की अपनी तकनीक को लागू करने और पूरे ग्रुप के स्तर पर तालमेल से मिल रहे बढ़ते फायदों को दिया।
उन्होंने कहा, "हमारे विकास के नए इंजन लगातार गति पकड़ रहे हैं। इस तिमाही में एक रणनीतिक जमीन के टुकड़े में निवेश करना, 1 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता बनाने के हमारे लक्ष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में, कमर्शियल लॉन्च के बाद शुरुआती रुझान काफी उत्साहजनक रहे हैं। हमारे डिजिटल प्लेटफॉर्म, एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स और अनुशासित परिचालन मॉडल, कारोबार को बढ़ाने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।"
भारत में भी कारोबार ने अपनी गति बनाए रखी; यहां राजस्व में पिछली तिमाही के मुकाबले 2.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि मोबाइल राजस्व में 3.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ। इसमें ग्राहकों द्वारा बेहतर प्लान चुनने (अपग्रेड) और कंपनी की 'प्रीमियमाइजेशन स्ट्रेटेजी' का बड़ा योगदान रहा।
इस तिमाही के दौरान, भारत और अफ्रीका में कुल 1.2 करोड़ नए ग्राहक जुड़ने के साथ, भारती एयरटेल का कुल ग्राहक आधार 15 देशों में बढ़कर 69.3 करोड़ हो गया है।

















