नौगांव, कमल यादव। नौगांव शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह 6:00 बजे से एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शासन की मंशा के अनुरूप एसडीएम कार्यालय में उपखंड अधिकारी (SDM) गोपाल शरण पटेल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की पूरी रूपरेखा तय की गई।


कोठी चौराहे से शुरू होगा अभियान, घर-घर कचरा गाड़ियों में डालने की अपील

बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि शनिवार सुबह ठीक 6:00 बजे शहर के प्रमुख कोठी चौराहे से इस सफाई अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नगर पालिका प्रशासन का पूरा सहयोग करें। अधिकारियों ने नागरिकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। कचरे को घर पर ही डस्टबिन में एकत्र करें और नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहनों के आने पर उसमें डालें।


दे​खिए मुनादी का वीडिया:


पीएम मोदी और सीएम डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप नागरिक सहयोग अपेक्षित

प्रशासन और नगर पालिका ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस राष्ट्रीय उद्देश्य की पूर्ति के लिए आम जनता का सक्रिय सहयोग अति-आवश्यक है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा।


गणमान्य नागरिक, पुलिस अधिकारी और स्वच्छता एम्बेसडर मैदान में उतरेंगे

शनिवार को चलाए जाने वाले इस वृहद स्वच्छता अभियान में नगर के गणमान्य नागरिक, नगर पालिका के कर्मचारी, सभी वार्डों के पार्षद, नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम, नौगांव थाना प्रभारी (टीआई) संजय राय तथा शहर के स्वच्छता एम्बेसडर स्वयं मौजूद रहेंगे। सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पवित्र कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं और अपने नौगांव शहर को साफ-सुथरा बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।


क्या है पूरा मामला: लगातार पांचवें दिन भी सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी, कचरे के ढेर में तब्दील हुआ नौगांव