इंदौर, रविकांत वर्मा। क्राइम ब्रांच ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललित उर्फ ऋषि सुतार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देशभर से 50 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं।


जांच में पता चला कि आरोपी इंदौर के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पंजाब और बिहार सहित कई राज्यों में साइबर ठगी के मामलों से जुड़ा रहा है। अलग-अलग बैंक खातों के जरिए तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम ट्रांसफर और हेरफेर किए जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।


क्राइम ब्रांच ने आरोपी के कब्जे से 21 बैंक पासबुक, 8 एटीएम कार्ड, 20 चेकबुक, 7 क्यूआर कोड और एक लैपटॉप समेत बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।


पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों से कुछ प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर उनके बैंक खाते लेता था। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और उसकी हेरफेर के लिए किया जाता था। आरोपी कई बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को इधर-उधर करता था।


फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि किन-किन लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया और ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई। आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों और बरामद दस्तावेजों की जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।