दमोह, राजेन्द्र तिवारी। लोकायुक्त सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया (36), प्राथमिक शिक्षक, ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि निलंबन से बहाली, विभागीय जांच समाप्त कराने और पटेरा में यथावत पदस्थापना के लिए 1 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।


सोमवार को जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने जाल बिछाया गया, जहां आरोपी 80 हजार रुपये लेकर पहुंचे। रिश्वत की रकम दोपहिया वाहन की डिक्की में रखी गई थी। इसी दौरान टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार साहू (माध्यमिक शिक्षक), मनोज कुमार श्रीवास्तव (सहायक ग्रेड-2) और नीरज कुमार सोनी (सहायक ग्रेड-3) शामिल हैं, जो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़े हैं। कार्रवाई में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह सहित लोकायुक्त सागर की टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।