सतना, मुकेश त्रिपाठी। जिले के रामपुर बघेलान में श्रीरामलला स्वजातीय स्वर्णकार विकास समिति के तत्वावधान में महाराजा श्री अजमीढ़ देव जी की जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में पूरा स्वर्णकार समाज उमड़ पड़ा। शोभायात्रा का शुभारंभ श्री बलदाऊ मंदिर से हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए युवराज पैलेस पहुंचकर संपन्न हुई। इस यात्रा में करीब 750 समाजबंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतिभा सम्मान और सहभोज के साथ संपन्न हुआ समारोह
युवराज पैलेस में शोभायात्रा के पहुंचने के बाद एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। आयोजन के अंतिम चरण में भव्य सहभोज का आयोजन हुआ, जहां सभी लोगों ने मिलकर भोजन किया और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
















