उज्जैन। मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उज्जैन प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार तड़के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। गुरुवार रात उज्जैन में विश्राम करने के बाद वे सुबह करीब 4 बजे मंदिर परिसर पहुंचे और प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुए।


भस्म आरती में लीन रहे नितिन नवीन; देशवासियों की समृद्धि की कामना

नितिन नवीन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया के साथ नंदी हॉल में बैठकर लगभग डेढ़ घंटे तक भस्म आरती और विधिवत पूजा-अर्चना में भाग लिया। वैदिक परंपराओं का पालन करते हुए उन्होंने महाकाल की देहरी से पूजन किया और नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना व्यक्त की। दर्शन के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने बाबा महाकाल से देशवासियों के सुख, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने हेतु आशीर्वाद मांगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मंदिर समिति की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत व सम्मान किया।


स्वामित्व योजना और कांग्रेस के तंज पर दिया बयान

इससे पूर्व गुरुवार को उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित 25 लाख दीप प्रज्वलन और 'स्वामित्व योजना' के तहत हितग्राहियों को निःशुल्क रजिस्ट्री वितरण कार्यक्रम में नितिन नवीन ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की: उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 में पंचायती राज दिवस पर जो सपना देखा था, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उसे ज़मीन पर उतार दिया है। प्रदेश के 55 जिलों के 41 हजार से अधिक गांवों में 68 लाख भूखंडों का सर्वे पूरा कर 50 लाख से अधिक लोगों को निःशुल्क रजिस्ट्री (अधिकार अभिलेख) देने का काम शुरू हुआ है। दीपोत्सव पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि देश में जिन 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का मकान मिला है, यदि वे नेता के लिए 'आशीर्वाद का दीया' जला रहे हैं तो कांग्रेस को इस पर आपत्ति क्यों हो रही है।