मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। माताबसैया थाना क्षेत्र के नाका गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे और खंडा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों से किए गए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच करीब 10 राउंड फायरिंग होने से गांव में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी बंदूकें लेकर मौके से भाग गए। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सरकारी जमीन पर कब्जे, मारपीट और फायरिंग की घटना की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।