मुरैना। चंबल अंचल के मुरैना जिले से अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे जिले में हलचल मच गई है। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र स्थित हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे और कांटों की बाड़ लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस भीषण गोलीबारी में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोहरे हत्याकांड की इस वारदात के बाद गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कांटों की बाड़ लगाने पर हुआ विवाद, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला गांव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर अधिकार जमाने और कांटों की बाड़ लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। बहसबाजी से शुरू हुआ विवाद पलभर में हिंसक हो गया और हथियार निकल आए। अंधाधुंध हुई फायरिंग में 42 वर्षीय राजवीर गुर्जर और उनके 30 वर्षीय छोटे भाई अजब सिंह गुर्जर को गोलियां लगीं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गोली लगने से विकास गुर्जर और पप्पू उर्फ धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
7 नामजद व 6 अज्ञात पर केस दर्ज, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नत्थो उर्फ नाथूराम, छोटे सिंह, सचिन, राहुल, सत्यपाल, लवकुश, गोलू सहित छह अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
गांव में तनाव, पुलिस का पहरा जारी
एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की हत्या के बाद हटूंपुरा गांव में भारी आक्रोश और तनाव की स्थिति बनी हुई है। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने गांव में डेरा डाल रखा है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।




