बैतूल, सुरेन्द्र बावने। गणेश चतुर्थी के अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा खरीदी और उसकी कीमत का भुगतान UPI के जरिए डिजिटल माध्यम से किया। उन्होंने लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से पर्यावरण हितैषी मिट्टी की प्रतिमाएं खरीदने की अपील की।
खंडेलवाल ने कहा कि मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं पर्यावरण के लिए अधिक सुरक्षित होती हैं और इनके विसर्जन से जल स्रोतों को नुकसान कम होता है। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव मनाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में मिट्टी की प्रतिमाओं को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों व मूर्तिकारों से प्रतिमाएं खरीदने की अपील की। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय कलाकारों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा और उनका कारोबार मजबूत होगा।
इस दौरान खंडेलवाल ने डिजिटल भुगतान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि UPI के माध्यम से अब छोटी से छोटी खरीदारी का भुगतान भी आसानी से किया जा सकता है। गणेश प्रतिमा की खरीदारी के दौरान UPI से किया गया भुगतान डिजिटल क्रांति के बढ़ते प्रभाव का उदाहरण है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण अनुकूल और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ा गणेश उत्सव मनाने की अपील की।




