जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री व उपयोग पर रोक लगाने खाद्य सुरक्षा प्रशासन का निरीक्षण अभियान जारी है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राइट टाउन स्थित सागर गेरे रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में कमियां मिलीं। बिरयानी बनाने के लिए एक दिन पहले तैयार किए गए चावल का उपयोग किए जाने की बात सामने आई। वहीं स्टोर में प्रतिबंधित एनालॉग चीज भी मिला, जिसके करीब 19 किलोग्राम पैकेट जब्त किए गए।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, एनालॉग चीज और सौंफ के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। रेस्टोरेंट को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान में शिकायत के आधार पर राइट टाउन स्थित विशाल मेगा मार्ट का भी निरीक्षण किया गया, जहां से सूजी और दलिया के नमूने लिए गए हैं।