छतरपुर, संदीप यादव/​शिवम सोनी। छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुरा रोड पर शनिवार रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक दंपती पर खुलेआम कट्टे से फायर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुरा रोड निवासी तालिब सौदागर अपनी पत्नी खुशनुमा सौदागर के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने मकान के नजदीक पहुंचे, घात लगाए बदमाशों ने उन पर सीधे कट्टे से गोली चला दी। गोली चलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि गोली सीधे निशाने पर नहीं लगी, जिससे दंपती बाल-बाल बच गए।


पत्नी के कपड़े में हुआ छेद, छर्रे या गर्म टुकड़ा लगने से बचीं

पीड़ित महिला खुशनुमा सौदागर ने बताया कि हमलावरों ने उन पर जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर किया था। गोली चलने के दौरान उनके पीछे से कोई छर्रे जैसी गर्म वस्तु टकराई, जिससे उनके कपड़े में छेद हो गया और वे दहशत में आ गईं। अचानक हुए इस हमले से दंपती सहम गए और शोर मचाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद आसपास के रहवासी भी बाहर निकल आए।


सीसीटीवी में सफेद स्कूटी पर पीछा करते दिखे हमलावर, अन्नी और टीपू पर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के मकानों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 8:15 बजे सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक तालिब सौदागर का पीछा करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित तालिब ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उन पर यह हमला अन्नी और टीपू करिया नाम के युवकों ने किया है।


8 महीने पहले भी हुआ था जानलेवा हमला, पुलिस जुटी जांच में

तालिब सौदागर ने बताया कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। करीब 8 महीने पहले भी उनके ऊपर इन्हीं लोगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया था, जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। थाना प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार, पुलिस ने पीड़ित के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।